गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में शनिवार को नए पुलिस आयुक्तों ने कार्यभार संभाल लिया। 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविंदर गौड ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर का पदभार ग्रहण किया, जबकि लक्ष्मी सिंह ने गाजियाबाद की कमान संभाली।
नोएडा में सेक्टर-108 स्थित कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचने पर जे. रविंदर गौड को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें जिले की भौगोलिक स्थिति, पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
गाजियाबाद में लक्ष्मी सिंह ने पूर्व पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड से पदभार लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुगम बनाने और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई, दिल्ली सीमा पर सतर्कता बढ़ाने, गोतस्करी पर अंकुश और पुराने अपराधियों की निगरानी पर जोर दिया।
जे. रविंदर गौड तेलंगाना के महबूबनगर के रहने वाले हैं और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में परास्नातक हैं। करीब दो दशक के करियर में वह कई जिलों और पुलिस इकाइयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह 2020 में कमिश्नरेट बनने के बाद गौतमबुद्ध नगर के तीसरे पुलिस आयुक्त हैं। गाजियाबाद में कई थानों के प्रभारी गैर जनपद स्थानांतरित हो चुके हैं, जिसके चलते आने वाले दिनों में नए प्रभारियों की तैनाती हो सकती है।
