ओडिशा में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए चार सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। मयूरभंज जिले में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-220 पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

भुवनेश्वर में ओम्फेड स्क्वायर के पास एक ट्रक की टक्कर से बाइक टैक्सी चालक की मौत हो गई। वहीं, अंगुल जिले के महिधरपुर में रविवार रात कार्तिकेश्वर पूजा से लौटते समय एक महिला की वाहन की टक्कर से मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

कोरापुट जिले के गुनीपाड़ा गांव के पास घने कोहरे के बीच दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, घने कोहरे के कारण कम दृश्यता को इस दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।