पीरपैंती के तत्कालीन अंचल अधिकारी सह प्रभारी अंचल अधिकारी मनोहर कुमार के विरुद्ध चल रही विभागीय कार्रवाई समाप्त कर दी गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने आरोपों की समीक्षा के बाद उन पर एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने का दंड लगाया है। इस संबंध में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से संकल्प जारी किया गया है, जिसकी प्रति 24 नवंबर 2026 को संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
विभागीय संकल्प के अनुसार, मनोहर कुमार के विरुद्ध समाहर्ता, भागलपुर के छह अक्टूबर 2025 के पत्र के आधार पर आरोप गठित किए गए थे। उन पर नामांतरण वादों की अस्वीकृति में पूर्ण तथ्य स्पष्ट नहीं करने और अभिलेखों में पर्याप्त आधार नहीं देने का आरोप था। इसके अलावा अभियान बसेरा-2 में भूमिहीन परिवारों के आवेदन प्राप्त होने के बावजूद उन्हें जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का मामला भी सामने आया था। आरोपों में दाखिल-खारिज से संबंधित विभिन्न आवेदन प्राप्त करने के बावजूद आवेदकों को सूचना उपलब्ध नहीं कराने तथा अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रथम अपीलीय प्राधिकार के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने की बात भी शामिल थी।
इसके साथ ही 22 जुलाई 2024 को कार्यालय में अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने, 15 जून 2026 को आयोजित शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं होने और मुख्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया गया था। इसके अलावा तत्कालीन अंचल अधिकारी पर भूमि सुधार उप समाहर्ता, कहलगांव की ओर से आठ अगस्त 2024 को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का अनुपालन नहीं करने तथा आपदा और सामान्य प्रशासनिक कार्यों में शिथिलता बरतने का आरोप भी था।
विभाग ने इन आरोपों के आधार पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। मनोहर कुमार ने 13 जुलाई 2026 को अपना लिखित बचाव समर्पित किया। विभागीय स्तर पर आरोपों और उनके जवाब की समीक्षा की गई। इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत एक वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक का दंड अधिरोपित करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई समाप्त कर दी गई।
