पुणे के हिंजेवाड़ी इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी गर्लफ्रेंड की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम कालबांडे ने बहस के बाद कोमल दहाले पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि मृतका की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल दहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शुभम कालबांडे पूर्वी महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले का निवासी है। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और हिंजेवाड़ी की दो बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे। पेशे के जरिये दोनों के बीच संपर्क हुआ और पिछले साढ़े तीन साल से वे रिलेशनशिप में थे। हालांकि, पिछले दो-तीन महीनों से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर बहस होती रहती थी।

जाधव के अनुसार, रविवार रात दोनों डिनर के लिए एक होटल गए थे और उसके बाद हिंजेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सखारे वस्ती स्थित 'प्रिस्टीन पीजी' लौट आए, जहां दहाले रहती थीं। रात करीब 12:30 बजे उनके बीच बहस शुरू हुई, जो करीब तीन बजे हिंसक हो गई। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आकर कालबांडे ने दहाले को कई बार मुक्के मारे और बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर एम्बुलेंस मांगी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान यह सामने आया कि कालबांडे ने ही अपनी गर्लफ्रेंड पर जानलेवा हमला किया था। फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।