लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा यानी अर्धनारीश्वर स्वरूप की तस्वीर साझा करते हुए दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। राहुल गांधी का कहना है कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है।
अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि जितना गहराई से वे भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को समझते जा रहे हैं, यह बात उतनी ही साफ होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी हैं और उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी शिव और पार्वती की संयुक्त प्रतिमा की तस्वीर भी साझा की, जिसे अर्धनारीश्वर स्वरूप के रूप में जाना जाता है। हिंदू धर्म में अर्धनारीश्वर भगवान शिव और माता पार्वती का संयुक्त स्वरूप है, जिसमें एक ही प्रतिमा में आधा पुरुष और आधा स्त्री रूप दिखाया जाता है। इस स्वरूप में शिव और शक्ति को एक साथ दर्शाया गया है।
राहुल गांधी पिछले सप्ताह अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपने माता-पिता के रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा था कि खाने के समय पापा बैठे होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं। उन्होंने बताया था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था, लेकिन दोस्तों के घर जाने पर उनके माता-पिता को इस तरह साथ न देखकर वे हैरान होते थे। राहुल ने यह भी बताया था कि बाद में उन्होंने अपने परिवार के दो बड़े सहारों को खो दिया, पहले दादी इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और फिर पिता राजीव गांधी की विस्फोट में मौत हो गई।
माता-पिता के रिश्ते पर दिए बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने पिछले मंगलवार को एक और पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने जाल बुन दिया है, जिसकी वजह से वे प्यार जाहिर नहीं कर पाते। उन्होंने कहा था कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें। कांग्रेस ने भी राहुल का समर्थन करते हुए कहा था कि प्यार को छिपाने की जरूरत नहीं है और अपनापन कमजोरी नहीं है। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल के बयान का वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी पर तंज कसा था।