झारखंड का सरहुल लोकनृत्य राज्य की जनजातीय सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उरांव, संथाल, मुंडा और हो जनजातियों द्वारा नए साल के स्वागत में किया जाने वाला यह पारंपरिक नृत्य प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। झारखंड का नाम 'झार' यानी वन और 'खंड' यानी भूमि से बना है, और राज्य की जीवनशैली जंगल, पहाड़ों और नदियों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसी प्रकृति-प्रेमी संस्कृति की झलक सरहुल नृत्य में देखी जा सकती है।
सरहुल शब्द 'सर' और 'हुल' से मिलकर बना है, जिसमें 'सर' का अर्थ साल के पेड़ से और 'हुल' का अर्थ फूल से है। यह पारंपरिक नृत्य झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी किया जाता है। इस नृत्य में हर उम्र के आदिवासी पुरुष और महिलाएं शामिल हो सकते हैं। महिलाएं हाथों में हाथ डालकर गोल घेरा बनाती हैं, जबकि मांदर, तुरही, बांसुरी, नगाड़ा और ढोल जैसे लोक वाद्ययत्र बजाने वाले पुरुष उस घेरे में खड़े हो जाते हैं। लोकगीत की धुनों पर इसी घेरे में घूमते हुए नृत्य किया जाता है।
सरहुल महोत्सव और इसके नृत्य की आत्मा साल के पेड़ में मानी जाती है। साल का पेड़ मुंडा, संथाल और उरांव जैसे आदिवासी समुदायों में पवित्र और पूजनीय है क्योंकि माना जाता है कि इसमें ग्राम देवी मां सरना निवास करती हैं। चैत्र महीने में वसंत ऋतु में फूल खिलने के साथ यह महोत्सव प्रकृति और जीवन के चक्र की शुरुआत का प्रतीक बन जाता है।
यह उत्सव केवल सरहुल नृत्य तक सीमित नहीं है। मुंडा जनजाति का जादुर और गेना, झुमइर जनजाति का झुमइर तथा संथाल और हो जनजाति का बाहा लोकनृत्य भी इस उत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं।
