सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक पुलिसकर्मी समेत तीन लोगों पर एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर उसके परिजनों से 50,000 रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगा है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मी और दो अन्य को पकड़ लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए पुलिसकर्मी की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई है। वह रैगांव थाना में पदस्थ था और पिछले छह महीने से सतना एसपी द्वारा गठित विशेष पुलिस दस्ते 'सुपर-30' में शामिल था।
कार एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर तैनात पीड़ित ऋषभ सिंह (38) के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि देर रात उनका बेटा मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी माधवगढ़ के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने चाकू से उसके पैर पर वार कर उसे घायल किया और फिर कुछ दूर स्थित एक बगीचे में बंधक बनाकर 50,000 रुपये की फिरौती मांगी। वकील नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इसी दौरान वह कुछ स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए।
रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद इस घटना में शामिल पुलिसकर्मी विवेक सिंह और दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के साथ ही अपहरण के संभावित स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की भूमिका और अपहरण की मंशा जांच के बाद स्पष्ट होगी।
