सीजेपी नेता सौरभ दास के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को इसकी जानकारी दी। सरकार की ओर से कोर्ट में पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया चेतन शर्मा ने कहा कि पासपोर्ट में विसंगतियों के चलते दास की भारतीय नागरिकता पर भी असर पड़ सकता है। वहीं, दास के वकीलों का कहना है कि उन्हें लुक आउट नोटिस के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अदालत ने सरकार से दास की याचिका पर जवाब मांगा है।

इससे पहले पासपोर्ट में जानकारी में गड़बड़ी के चलते दास को विदेश जाने से रोका गया था। दास का कहना था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन सरकार ने उनकी यात्रा पर रोक लगा दी।

बुधवार को ही सरकार ने दास को शोकॉज नोटिस जारी किया था, जिसमें उनसे पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी विसंगतियों के बारे में जवाब मांगा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि पासपोर्ट आवेदन में आवेदक को सही जानकारी देने की घोषणा करनी होती है। यदि किसी भी चरण में कोई विसंगति पाई जाती है या अधिकारियों की ओर से इसकी जानकारी दी जाती है और यह तथ्य छिपाने के दायरे में आता है, तो आवेदक को अपना पक्ष स्पष्ट करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है।

जायसवाल ने बताया था कि संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरभ दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसमें उनसे जन्मस्थान के संबंध में सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।