कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास के खिलाफ केंद्र सरकार ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को इसकी जानकारी दी गई। सरकार के मुताबिक, दास के पासपोर्ट में पिता के नाम, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में गड़बड़ी मिली है। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कोर्ट को बताया कि पुडुचेरी के एसपी ने 20 अगस्त को जांच में पासपोर्ट की गड़बड़ियां पकड़ी थीं।

दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि उन्हें लुकआउट नोटिस या विदेश जाने से रोकने के बारे में पहले नहीं बताया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें नोटिस दिया गया, जबकि इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था। वकील ने नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। केंद्र ने कहा कि नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती, लेकिन अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।

केंद्र ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को नोटिस भेजा गया और चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सरकार ने कहा कि पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है, सिर्फ विदेश यात्रा न करने को कहा गया है। हाईकोर्ट ने केंद्र, गृह मंत्रालय और पुलिस से 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है, जिस दिन अगली सुनवाई होगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा था कि दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा और तब तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी। दास ने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनका पासपोर्ट लीक किया गया और 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें फ्लाइट में जाने नहीं दिया गया। दीपके ने दास का समर्थन करते हुए कहा था कि सरकार सीजेपी की लोकप्रियता से घबराई है।