शाहाबाद में जीटी रोड पर गांव रतनगढ़ के पास एक सड़क हादसे में छह माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के नौ अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, शादी समारोह से लौट रहे परिवार के ऑटो को पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। शाहाबाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के शामली स्थित कांधला निवासी 48 वर्षीय समीम पंजाब के डेरा बस्सी के गांव झौली में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। 19 नवंबर को उसके मामा के बेटे जमील की कैराना में शादी थी। समीम अपनी पत्नी शबनम, बेटे मुस्तफा, बेटियों साबिया, साईबा और सिरदोष तथा शादीशुदा बेटी तईयबा, उसकी छह माह की बेटी आफिया और चार वर्षीय बेटे असद के साथ शादी में शामिल होने गया था। इसके लिए उसने पड़ोसी गांव के मौमिन का ऑटो किराये पर लिया था।
परिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डेरा बस्सी से कैराना पहुंचा और शादी समारोह में शामिल होने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे पंजाब के लिए रवाना हुआ। करीब पांच घंटे का सफर तय करने के बाद ऑटो शाहाबाद के गांव रतनगढ़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से आई काली स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो स्कॉर्पियो में फंस गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में आफिया की मौत हो गई, जबकि परिवार के नौ सदस्य घायल हो गए। समीम ने बताया कि उसकी पत्नी शबनम, बेटे मुस्तफा और बेटी साबिया की हालत गंभीर है। अन्य घायलों के सिर पर भी चोटें आई हैं।
