शाहजहांपुर में स्पाइस मनी कंपनी के अभिकर्ता ने कंपनी के रुपये हड़पने के इरादे से छह लाख 49 हजार रुपये की लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर यह दावा फर्जी निकला, जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
शहर के हद्दफ मुहल्ला निवासी अयाज मोहम्मद स्पाइस मनी कंपनी में अभिकर्ता है। गुरुवार दोपहर उसने पुलिस को बताया कि वह कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था, तभी ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने रुपये लूट लिए। सरेराह हुई इस कथित लूट की जांच के लिए सीओ सदर के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गईं।
जांच में सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ से पता चला कि अभिकर्ता ने बैग में कागज के टुकड़े रखकर लूट की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, जांच में समय का गणित गड़बड़ निकला और घटनास्थल के आसपास लोगों का आना-जाना होने के बावजूद किसी ने लूट होते नहीं देखी। सख्ती से पूछताछ में अयाज ने सच्चाई बता दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बताया कि कंपनी ने उसे पहले 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी, जिसे बाद में घटाकर पांच लाख कर दिया गया। इस बीच उसने कंपनी के रुपये से एक लाख 70 हजार रुपये में एक प्लाट खरीद लिया और लगातार नुकसान से उस पर करीब पांच लाख रुपये का बोझ हो गया। कलेक्शन हेड द्वारा रुपये जमा करने का दबाव बनाए जाने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से बैग बरामद किया, जिसमें कागज, पैड और पेन आदि निकले।
