शिवहर जिले में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की 80 रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए प्रवेश चयन परीक्षा 28 नवंबर को छह केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 3424 बच्चे शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव की मौजूदगी में केंद्राधीक्षकों और नवोदय विद्यालय के कर्मियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में परीक्षा को भयमुक्त, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने तथा बच्चों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया। प्राचार्य विजय कुमार ने कहा कि चयन परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है, ताकि मेधावी विद्यार्थियों को अवसर मिल सके।

जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से प्रवेश पत्र के निर्देशों के अनुसार समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की और कहा कि देरी से आने पर प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।

प्राचार्य विजय कुमार ने बताया कि जिन बच्चों को अभी तक प्रवेश पत्र नहीं मिला है, वे अभिभावक के साथ आधार कार्ड लेकर बिसाही गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय शिवहर से निःशुल्क प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में नामांकन प्रभारी जीजी गुंजन, जिला उद्बोधक रविश कुमार, अमित कुमार, अविनाश कुमार, अनंत प्रकाश सहित केंद्राधीक्षक अबुजफर आलम, दीपक कुमार सिंह, दिलीप कुमार, संजय कुमार सिंह, मो. एनायतुल्लाह और धनंजय कुमार झा मौजूद रहे।