मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर तस्करी और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए अब 24 घंटे मल्टी एजेंसी चेकपोस्ट संचालित होगा। पुल के समीप नवनिर्मित वेइंग ब्रिज पर यह चेकपोस्ट बनाया गया है, जहां संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई होगी। इस व्यवस्था से शराब, स्मैक और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने की तैयारी है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुरोध पर जिला स्तर पर यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में एसपी ने जिला प्रशासन से पुलिस, परिवहन, खनन और मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद चारों विभागों को मिलाकर मल्टी एजेंसी टीम बनाई गई है।
चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग की प्रवर्तन अवर निरीक्षक ममता कुमारी, खान निरीक्षक प्रिया कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक शत्रुघ्न प्रसाद सिंह और मद्य निषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक मु. शोहराब आलम की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस बल दो पालियों में तैनात रहेगा, ताकि दिन-रात वाहनों की निगरानी हो सके।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पड़ोसी जिलों से श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते शराब और स्मैक की तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ओवरलोड वाहनों को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा। संयुक्त टीम की निगरानी से तस्करी और अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने की तैयारी है।
