सीतापुर के बरई जलालपुर में गुरुवार शाम एक लंगूर ने छत पर खेल रहे सात वर्षीय बालक नेतराम को उठाकर नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ट्रामा सेंटर से भी जवाब मिल गया। रिश्तेदारों ने निजी अस्पताल में इलाज की सलाह दी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण स्वजन उसे निजी अस्पताल नहीं ले गए और लौट रहे थे। रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था।
चाचा उमेश कुमार के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले बच्चे के पिता मिश्रीलाल की मौत हो गई थी और मां दिव्यांग हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और छोटे भाई-बहनों व बच्चों की जिम्मेदारी दादी के सहारे चल रही थी।
घटना के बाद क्षेत्र में बंदरों के आतंक का मुद्दा फिर गरमा गया है। बरई जलालपुर के साथ शाहपुर, सरवरपुर, मुजफ्फरपुर, रामगढ़ और रायपुर गांवों में बंदरों के झुंड का आतंक बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बंदर खेतों में घुसकर गन्ने की फसल बर्बाद कर रहे हैं और घरों में घुसकर सामान उठाने के साथ लोगों पर हमला भी कर रहे हैं। गांव के सूरज, दीपू, सालिक और गोवर्धन आदि ने बताया कि बंदर उन पर हमला कर जख्मी कर चुके हैं।
सीएचसी अधीक्षक खैराबाद डॉ. राहिल फरीद ने कहा कि पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनेगा और आयुष्मान मित्र से परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी कराई जाएगी। खंड विकास अधिकारी खैराबाद नीरज दुबे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि एडीओ पंचायत को गांव भेजकर बंदरों को पकड़ने को लेकर प्लान तैयार किया जाएगा।
