सरकाघाट की छात्रा सिया हत्याकांड में दोषी विकास पटियाल की सजा का फैसला एक बार फिर टल गया है। दोषी के अस्वस्थ होने और एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन होने के कारण शुक्रवार को सजा पर सुनवाई नहीं हो सकी। न्यायालय ने दोषी के पूरी तरह स्वस्थ होने की मेडिकल रिपोर्ट तलब की है।

जानकारी के अनुसार, सजा सुनाने से पहले अभियोजन विभाग से दोषी के शारीरिक व मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होने की मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई थी। कानूनन सजा के समय दोषी का न्यायालय के समक्ष उपस्थित रहना और सुनवाई को समझने की स्थिति में होना आवश्यक होता है। चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार विकास पटियाल अभी भी उपचार के दौर से गुजर रहा है और वह यात्रा करने या अदालत की कार्यवाही में शामिल होने की स्थिति में नहीं है।

मेडिकल रिपोर्ट पेश करने के लिए पिछली सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 10 दिन का समय मांगा था। पिछली सुनवाई में भी दोषी की तबीयत खराब होने के कारण उसे अदालत में पेश नहीं किया जा सका था और मेडिकल रिपोर्ट में उसके अनफिट होने का हवाला दिया गया था, जिसके चलते सजा पर बहस और फैसला स्थगित करना पड़ा था।

न्यायालय इस जघन्य हत्याकांड में साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर विकास पटियाल को पहले ही दोषी करार दे चुका है। पीड़िता के स्वजन और आमजन दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन दोषी की बीमारी के कारण फैसला लगातार आगे खिसक रहा है। अब एम्स बिलासपुर से उसके पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की रिपोर्ट आने के बाद ही न्यायालय सजा सुनाने के लिए अगली तिथि निर्धारित करेगा।