सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में शक्तिनगर-वाराणसी राजमार्ग पर लोहरा पावर हाउस के पास गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई थी। मृतक की शुरुआत में पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस उसके स्वजन तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के आधार पर वाहन से जुड़ी जानकारी जुटाई। इसके बाद मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना पुलिस से संपर्क कर वाहन स्वामी और उसके पते का सत्यापन कराया गया।
पुलिस की ओर से संपर्क किए जाने पर मृतक के भाई नारायण देव दुबे और ग्राम प्रधान दीपक पांडेय से बातचीत हुई। उन्होंने मृतक की पहचान पप्पू दुबे (33) पुत्र पंच बहादुर दुबे, निवासी ग्राम खजूरी, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली के रूप में की।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है।
