भारत में वयस्कों के जीवित रहने की संभावना पर परिवार की आर्थिक स्थिति का सबसे अधिक असर पड़ता है। डेमोग्राफिक रिसर्च जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, सबसे अमीर परिवारों के पुरुषों में कामकाजी उम्र (15 से 59 वर्ष) के दौरान मौत का जोखिम सबसे गरीब परिवारों के पुरुषों की तुलना में 62 फीसदी कम है। महिलाओं में यह अंतर 42 फीसदी का पाया गया। यह अध्ययन मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के मोरध्वज धाकड़ और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पॉपुलेशन साइंसेज (IIPS) की नंदिता सैकिया ने किया है।

शोधकर्ताओं ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के 1998-99, 2015-16 और 2019-21 के आंकड़ों का विश्लेषण किया। आंकड़ों के अनुसार, सबसे गरीब परिवारों में प्रति 1000 पुरुषों पर 15 से 59 वर्ष की आयु में मौत की संभावना 280 थी, जबकि सबसे अमीर परिवारों में यह 158 रही। महिलाओं में यह आंकड़ा सबसे गरीब परिवारों के लिए 157 और सबसे अमीर परिवारों के लिए 87 था। जाति, धर्म, ग्रामीण-शहरी निवास और राज्यों के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी आर्थिक स्थिति का असर बना रहा।

2019-21 के आंकड़ों में अनुसूचित जाति के पुरुषों में मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 256 और अनुसूचित जनजाति के पुरुषों में 254 रही, जबकि ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों में यह 197 थी। अध्ययन के मुताबिक, अनुसूचित जाति की महिलाओं में आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखने के बाद भी ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं की तुलना में मृत्यु का जोखिम 19 फीसदी अधिक पाया गया। वहीं, तीनों सर्वेक्षण दौर में मुस्लिम पुरुषों में ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों की तुलना में वयस्क मृत्यु का जोखिम लगातार कम रहा। 2019-21 में आर्थिक स्थिति, निवास स्थान और राज्य के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी मुस्लिम पुरुषों में यह जोखिम 21 फीसदी कम था। शोधकर्ताओं ने संभावित कारणों में मुस्लिम वयस्कों में शराब का कम सेवन और कई राज्यों में मुस्लिम आबादी का अधिक शहरीकरण बताया है। मुस्लिम महिलाओं और ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं के मृत्यु जोखिम में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं मिला।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि पिछले दो दशक में महिलाओं की वयस्क मृत्यु दर में पुरुषों की तुलना में तेजी से सुधार हुआ है। 1998-99 में 15 से 59 वर्ष की आयु में महिलाओं की मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 208 थी, जो 2019-21 में घटकर 125 रह गई, यानी करीब 40 फीसदी की कमी। इसी अवधि में पुरुषों की मृत्यु की संभावना 268 से घटकर 221 हुई। हालांकि, 2015-16 से 2019-21 के बीच पुरुषों की वयस्क मृत्यु दर 209 से बढ़कर 221 हो गई। शोधकर्ताओं ने इसका बड़ा कारण कोरोना महामारी के दौरान पुरुषों की अतिरिक्त मौतों और कामकाज से जुड़ी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों को बताया है।