सुलतानपुर के पयागीपुर चौराहे को मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 70 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकृत किया जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद नगर पालिका ने टेंडर करा दिया है और डिजाइनर मानचित्र को अंतिम रूप दे रहे हैं। दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की बात नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने कही है।
अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर बनने के बाद इस चौराहे से अयोध्या धाम, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ सहित अन्य राज्यों के लिए प्रतिदिन अनगिनत वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अयोध्या में मंदिर बनने के बाद चौराहे की महत्ता और बढ़ गई है, क्योंकि अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालु श्रीराम के दर्शन के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए भी इसी रास्ते से लौटते हैं।
सौंदर्यीकरण के तहत चौराहे पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी और इंटरलॉकिंग कराई जाएगी। चौराहा हरा-भरा दिखे, इसके लिए हवादार और सुगंधित पौधे रोपे जाएंगे। दीवारों पर बने आकर्षक चित्रों को रंगों से संवारा जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सौंदर्यीकरण के बाद यहां की छवि का श्रद्धालुओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
नवंबर 2025 में पयागीपुर चौराहे के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर कराया जा चुका है और दिसंबर माह से निर्माण शुरू होगा।
