क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में गुरनूर बराड़ ने डेब्यू किया है। बराड़ को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में शामिल किया गया, जबकि मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को एक बार फिर प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं।
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि जडेजा को बाहर रखना भारत के लिए बड़ी गलती हो सकती है। उनके अनुसार, मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में जडेजा भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे हैं और वह टेस्ट के चौथे और पांचवें दिन प्रभावी साबित हो सकते थे। गावस्कर ने कहा कि जडेजा ऐसी पिचों पर भी गेंद को टर्न कराने में सक्षम हैं, जहां से ज्यादा मदद नहीं मिलती।
गावस्कर ने कहा कि सिर्फ सिराज की चर्चा हो रही है, लेकिन जडेजा के बाहर होने पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने इसे दोनों खिलाड़ियों के लिए बदकिस्मती बताया। हालांकि, उन्होंने चुनी गई प्लेइंग-11 का समर्थन करते हुए कहा कि एक बार टीम चुन लेने के बाद उसका समर्थन करना चाहिए, क्योंकि यह भारतीय टीम है।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 246 रन बना लिए हैं। टॉम ब्लंडल 53 रन और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली। भारत के लिए आकाश दीप ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
