चेन्नई: तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को पत्र लिखकर राज्य सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों में कुलपतियों के रिक्त पदों को भरने के मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि कुलपति की नियुक्ति के लिए गठित खोज-सह-चयन समितियों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रतिनिधि को शामिल किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने आपसी विचार-विमर्श से जल्द कानूनी रूप से टिकाऊ समाधान निकालने की उम्मीद जताई है।
दरअसल, पिछली डीएमके सरकार (2021-26) के कार्यकाल में तत्कालीन राज्यपाल आर.एन. रवि ने इन समितियों में यूजीसी प्रतिनिधि को शामिल करने की मांग की थी, जिसे सरकार ने ठुकरा दिया था। इससे राजभवन और सरकार के बीच टकराव पैदा हो गया। राज्य के 14 विश्वविद्यालय तीन साल से अधिक समय से कुलपतियों के बिना संचालित हो रहे हैं। कुछ दिन पहले मद्रास उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार से इस मामले पर जवाब मांगा था और यह स्पष्ट करने को कहा था कि समाधान कब तक किया जाएगा।
राज्यपाल ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालयों से जुड़े प्रशासनिक निर्णय सरकार द्वारा गठित 'संयोजक समिति' के माध्यम से लिए जा रहे हैं, जो अलग-अलग विश्वविद्यालयों की दिन-प्रतिदिन की प्रशासनिक और शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में प्रभावी नहीं पायी गयी है। उन्होंने कहा कि संबंधित विश्वविद्यालय अधिनियमों और यूजीसी नियमों के अनुसार पूर्णकालिक कुलपतियों की नियुक्ति के लिए उपयुक्त व्यवस्था करना जरूरी है।
आर्लेकर ने कहा कि मुख्य मुद्दा खोज-सह-चयन समितियों के गठन से जुड़ा है, विशेष रूप से यूजीसी विनियम, 2018 के विनियम 7.3(।।) के तहत यूजीसी अध्यक्ष के नामित व्यक्ति को शामिल किए जाने को लेकर। उन्होंने 30 जनवरी, 2026 के 'डॉ. एस. मोहन बनाम सचिव, कुलाधिपति, पुडुचेरी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी' मामले में शीर्ष अदालत के फैसले का हवाला दिया। उन्होंने प्रस्तावित कार्ययोजना में कहा कि खोज-सह-चयन समिति में कुलाधिपति, विश्वविद्यालय सिंडिकेट, यूजीसी अध्यक्ष और राज्य सरकार के नामित व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। समिति को रिक्ति से अधिमानतः छह महीने पहले प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, गठन के 15 दिनों के भीतर विज्ञापन देना चाहिए और दो महीने के भीतर जांच व साक्षात्कार पूरा कर सर्वसम्मति से तीन पात्र उम्मीदवारों को वरीयता क्रम में सूचीबद्ध करना चाहिए।
