श्रीनगर के रहने वाले 42 वर्षीय तनवीर ख़ान का दावा है कि वह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की क़रीब 300 अल्पाइन झीलों तक पहुँचने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने 31 अक्तूबर को लद्दाख के चांग ला दर्रे के पास त्सो लतक पहुँचकर यह आंकड़ा पूरा किया। अल्पाइन झीलें पहाड़ी इलाक़ों में काफ़ी ऊंचाई पर होती हैं, आमतौर पर उस ऊंचाई पर जहां पेड़ उगना बंद हो जाते हैं।
तनवीर पिछले 13 साल से लगभग हर रविवार इस अभियान में जुटते हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय हिमालयी क्षेत्र के ऊबड़-खाबड़ रास्तों और ऊंचे दर्रों पर सात हज़ार किलोमीटर से ज़्यादा की दूरी पैदल तय की है। साल 2024 में 200 अल्पाइन झीलों का आंकड़ा पूरा करने पर कश्मीर के पर्यटन विभाग और निजी संस्था इंडिया बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स ने उनकी उपलब्धि को मान्यता दी थी। कश्मीर का पर्यटन विभाग 11 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय पर्वत दिवस पर उन्हें सम्मानित करने की योजना बना रहा है।
पर्यटन विभाग में कश्मीर डिवीज़न के निदेशक रह चुके महमूद शाह कहते हैं कि तनवीर ने बहुत से लोगों को प्रेरित किया है और अगली पीढ़ी अब उनसे आगे निकलना चाहती है। तनवीर कश्मीर में एक निजी कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के तौर पर काम करते हैं। उनका सफ़र साल 2012 में शुरू हुआ, जब कश्मीर के कुछ शौकिया पर्वतारोहियों ने जम्मू-कश्मीर माउंटेनियरिंग एंड हाइकिंग क्लब को दोबारा शुरू किया था। साल 2016 में उन्होंने सोशल मीडिया पर 'पाथफ़ाइंडर्स' नाम का ग्रुप बनाया।
तनवीर की मां शकीला अपने बेटे के इस जुनून को लेकर उतनी उत्साहित नहीं हैं। वह कहती हैं कि शनिवार आते ही उन्हें चिंता होने लगती है और जब तक तनवीर वापस नहीं आता, वह परेशान रहती हैं। वन और रिमोट सेंसिंग विभागों के एक सर्वेक्षण के मुताबिक़ जम्मू-कश्मीर में 533 अल्पाइन झीलें हैं, जो समुद्र तल से तीन हज़ार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर मौजूद हैं और पीने के पानी की ज़रूरतों के लिहाज़ से अहम हैं।
