पश्चिम चंपारण के थारू समुदाय की आनुवंशिक पहचान पर हुए शोध में दुर्लभ बॉम्बे फेनोटाइप (ओ-एच) के दो रक्त समूह पाए गए हैं। भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के प्राणी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नरेन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की शोध परियोजना के दूसरे चरण में यह अध्ययन किया गया। कुलपति प्रो. डॉ. बिमलेन्दु शेखर झा की मौजूदगी में शोध स्कॉलर की टीम ने दो दिनों तक अध्ययन किया।

डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार, मई से जुलाई 2024 के बीच किए गए अध्ययन में 383 लोगों के रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया। दो चरणों वाली यादृच्छिक क्लस्टर नमूना पद्धति से बगहा दो प्रखंड के सात गांवों—संतपुर सोहरिया, हरनाटांड़, महादेवा, बैरिया कला, बैरिया खुर्द, मैनाहा-जमेरी और नौरंगिया—का चयन किया गया था। अध्ययन में पुरुषों और महिलाओं के नमूने शामिल थे।

शोध में 38.65 प्रतिशत लोगों में बी रक्त समूह सर्वाधिक पाया गया, जबकि ओ समूह 28.19 प्रतिशत, ए-1 समूह 21.67 प्रतिशत और एबी समूह 11.49 प्रतिशत है। ए-2 और ए-2बी रक्त समूह नहीं मिला है। आरएच पॉजिटिव लोगों की संख्या 98.42 प्रतिशत और आरएच नेगेटिव की हिस्सेदारी 1.58 प्रतिशत है। कुल नमूनों में दो लोगों में बॉम्बे फेनोटाइप मिला, जो लगभग 0.52 प्रतिशत है। बॉम्बे रक्त समूह में सामान्य ओ रक्त समूह जैसा दिखने के बावजूद एच एंटीजन नहीं होता; ऐसे लोगों को सामान्य ओ नेगेटिव रक्त देना भी सुरक्षित नहीं माना जाता।

शोध में पश्चिम चंपारण के थारू समुदाय की तुलना उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, नैनीताल, राणा थारू, डांगुरिया और पछिमहा थारू समूहों से की गई है। आनुवंशिक दूरी के विश्लेषण में पश्चिम चंपारण के थारू और राणा थारू के बीच अपेक्षाकृत अधिक अंतर पाया गया। अध्ययन के अनुसार कुल आनुवंशिक विविधता का लगभग 99.55 प्रतिशत समुदायों के भीतर और महज 0.45 प्रतिशत विभिन्न समूहों के बीच अंतर से संबंधित है। शोधकर्ताओं ने रक्त समूहों के आधार पर थारू समुदाय की कुछ पूर्वी एशियाई आबादी से आनुवंशिक निकटता की संभावना जताई है, हालांकि इसे अंतिम प्रमाण नहीं माना गया है। पूर्वजों, प्रवास के रास्तों और आनुवंशिक मिश्रण को स्पष्ट करने के लिए डीएनए, माइटोकॉन्ड्रियल और वाई-क्रोमोसोम आधारित विस्तृत अध्ययन की जरूरत बताई गई है।