टीकमगढ़ जिले के जतारा क्षेत्र में एक महिला सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने शराब ठेकेदार भरत राय और उसके भतीजे धर्मेंद्र राय के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गुरुवार को एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, महिला 14 जुलाई 2022 को ग्राम पंचायत की सरपंच निर्वाचित हुई थी। महिला का आरोप है कि सरपंच बनने के बाद शराब ठेकेदार भरत राय ने उसे पंचायत का काम सिखाने और सरपंची का अनुभव देने का भरोसा दिया और चार पहिया वाहन से अपने फॉर्म हाउस ले गया। आरोप है कि वहां करीब तीन महीने तक रखकर उसके साथ कई बार जबरदस्ती की गई।

पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान भरत राय का भतीजा धर्मेंद्र राय फॉर्म हाउस पहुंचा और पंचायत का काम संभालने की बात कहकर महिला की पंचायत की सील, सिम कार्ड और डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद भरत राय महिला को दूसरे फॉर्म हाउस पर ले गया, जहां करीब छह महीने तक रखकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। महिला ने आरोप लगाया कि पंचायत की सील, सिम कार्ड और डीएससी वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने करीब एक साल पहले जतारा थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी, लेकिन उस समय मामला दर्ज नहीं किया गया।

बाद में यह मामला विधानसभा में उठाया गया। इसके बाद पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को दोबारा मिली शिकायत के आधार पर भरत राय और धर्मेंद्र राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मामले की जांच डीएसपी अनिल कुमार सिंह को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।