श्रीलंका-ए के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा है कि 20 ओवर के बाद विकेट धीमा हो जाने के कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बीच के ओवरों में टीम लगातार विकेट गंवाती रही, जिससे रन गति प्रभावित हुई।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे, लेकिन श्रीलंका ने यह लक्ष्य 41.3 ओवरों में हासिल कर लिया। श्रीलंकाई टीम ने बिना कोई मैच हारे फाइनल में जगह बनाई है। अब फाइनल में उसका सामना बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान मैच के विजेता से होगा।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में तिलक वर्मा ने कहा कि 320-330 का स्कोर अच्छा था, लेकिन पहले 20 ओवर के बाद पिच का व्यवहार बदल गया। उन्होंने बताया कि तनुष और शाहबाज ने अच्छी बल्लेबाजी कर टीम को 318 रन तक पहुंचाया। गेंदबाजी के बारे में उन्होंने कहा कि शुरुआती 15 ओवर कठिन रहे और योजना के अनुसार श्रीलंका को छह रन प्रति ओवर पर रोका नहीं जा सका।
कप्तान ने श्रीलंकाई ओपनर्स के खेल की सराहना की और कहा कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। तिलक ने कहा कि वह उस दौरान सभी गेंदबाजों को आजमा रहे थे, लेकिन वह दिन टीम के लिए खराब रहा और जीत का श्रेय श्रीलंका को जाता है।
