वाराणसी सिटी से गोरखपुर की यात्रा के लिए टिकट बुक कराने वाले यात्री ईशान बाजपेयी के साथ एक असामान्य घटना सामने आई है। उनका टिकट कन्फर्म था और एसी 2-टियर के A1 कोच में साइड अपर बर्थ नंबर 54 दर्ज था। लेकिन जब वे कोच में पहुंचे, तो वहां कुल 52 बर्थ ही थीं और उनके टिकट में दर्ज सीट नंबर 54 कोच में मौजूद ही नहीं थी। यह घटना देर रात करीब पौने 11 बजे की बताई जा रही है, जिससे यात्री को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ईशान ने कोच के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्रालय और 'रेलवे सेवा' को टैग करते हुए पोस्ट किया। उनके मुताबिक टिकट की स्थिति CNF/A1/54/SU दिखा रही थी, यानी कोच A1 में बर्थ नंबर 54 कन्फर्म था। यात्री ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि देर रात बिना कन्फर्म सीट के सफर करना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि वे पहले ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज करा चुके थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद 'रेलवे सेवा' ने पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए माफी मांगी। रेलवे ने कहा कि शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही जल्द से जल्द सहायता के लिए 'रेल मदद' पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने का सुझाव दिया गया।
रेलवे के माफी मांगने के बाद भी सवाल बना हुआ है कि 52 बर्थ वाले कोच में यात्री को 54 नंबर की बर्थ कैसे आवंटित हो गई। फिलहाल रेलवे की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
