उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के वरिष्ठतम सदस्य डॉ. एके वर्मा ने गुरुवार शाम अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। 26 नवंबर की अधिसूचना के अनुपालन में राज्यपाल की ओर से उन्हें अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह नवनियुक्त अध्यक्ष आलोक सिंह के कार्यभार ग्रहण करने तक आयोग की अध्यक्षता की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. वर्मा ने पहली महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें अभ्यर्थियों के हित से जुड़ा निर्णय लिया गया। बैठक के अनुसार, आयोग की परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं के ऑनलाइन आवेदन में मानवीय भूल से हुई त्रुटि होने पर अभ्यर्थी सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे। नाम, पिता का नाम, लिंग, जन्मतिथि और प्राप्तांक या पूर्णांक से संबंधित दावों में गलती होने पर अभ्यर्थी परिणाम घोषित होने की तिथि से पहले तक शपथपत्र के माध्यम से साक्ष्य सहित प्रत्यावेदन दे सकेंगे। आयोग नियमानुसार इस पर विचार कर संशोधन या सुधार करेगा।

बैठक में यह भी कहा गया कि पूर्व में आयोग के निर्णय के आधार पर अभ्यर्थन निरस्त किए जाने के मामलों में अभ्यर्थियों की ओर से न्यायालय में दाखिल याचिकाओं और आयोग के समक्ष प्रस्तुत प्रत्यावेदनों के आलोक में विचार किया जाएगा। बैठक में विभिन्न लंबित और प्रचलित चयन प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की गई तथा विभिन्न पदों के परिणामों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष ने आयोग की कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के हितों का पूर्ण संरक्षण और संवर्धन होना चाहिए। बैठक में आयोग के सदस्य प्रो. राम प्यारे, प्रो. विपिन कुमार सिंह, डॉ. सुधीर प्रकाश, प्रो. अनुपम पाण्डेय और मेजर जनरल मनोज कुमार उपस्थित रहे।