वैशाली जिले के जंदाहा स्थित मुर्तुजापुर गांव में 27 वर्षीय बीपीएससी शिक्षिका शिवानी कुमारी ससुराल से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई हैं। शिक्षिका के पिता कुंदन राय ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के चलते उनकी हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, बिदुपुर थाने के खपुरा निवासी कुंदन राय की पुत्री शिवानी कुमारी की शादी गौरव अभिषेक से हुई थी। उनके पति भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर हैं। शिवानी वर्ष 2023 में बीपीएससी शिक्षिका बनी थीं और ससुराल के महिपुरा पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित सरकारी स्कूल में कार्यरत थीं। पिता के अनुसार, 25 नवंबर की दोपहर शिक्षिका के ससुर ने उन्हें फोन करके अपने घर बुलाया, जहां पहुंचने पर बताया गया कि उनकी बेटी घर से गायब है। इससे पहले लड़का पक्ष ने महिसौर थाने में लापता होने की सूचना दे दी थी।
पिता का आरोप है कि गुरुवार की सुबह जब वे दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लगा था और ससुराल पक्ष के सभी सदस्य वहां से फरार थे। परिवार के लोगों के मोबाइल फोन भी बंद बताए गए। कुंदन राय ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 05 फरवरी 2026 को सोनपुर के जन्नत गार्डन में हुई थी, जिसमें उन्होंने करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दहेज में दिया था। उनका आरोप है कि इसके बावजूद बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और नया मकान बनवाने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी से स्कूल में 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन दिलवाया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और महिसौर थानाध्यक्ष आदर्श कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने शिक्षिका के कमरे से कुछ संदिग्ध नमूने एकत्र किए हैं, जबकि डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल पर छानबीन की, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। स्वजनों ने महिसौर थाने में आवेदन देकर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
