पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद रोड पर भजनपुरा के पास सड़क के बीचोबीच खड़े तीन पेड़ यातायात में बाधा बन रहे हैं। इन पेड़ों में पीपल समेत अन्य प्रजातियों के पेड़ शामिल हैं, जिनकी वजह से सड़क पर बॉटलनेक बना हुआ है और रोजाना भीषण जाम लग रहा है। वजीराबाद रोड यमुनापार के प्रमुख मार्गों में से एक है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में निजी वाहन, बसें, मालवाहक वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं।

स्थानीय विधायक अजय महावर के अनुसार, ये पेड़ पहले सड़क के बीच में नहीं थे, बल्कि सर्विस रोड पर थे। वजीराबाद रोड पर डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है और पीडब्ल्यूडी ने भजनपुरा के पास सर्विस रोड को खत्म कर दिया है, जिसके कारण ये पेड़ सड़क के बीचोबीच आ गए हैं। फ्लाईओवर निर्माण के चलते सड़क का हिस्सा संकरा हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

व्यस्त समय में भजनपुरा से लेकर यमुना विहार तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। वाहन चालकों का कहना है कि डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद भले ही यातायात को राहत मिले, लेकिन फिलहाल रोजाना इस रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। जाम में फंसने से लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। वाहन चालकों ने पीडब्ल्यूडी और वन विभाग से सड़क से पेड़ हटाने की मांग की है।

पीडब्ल्यूडी ने वन विभाग से पेड़ों को हटाने की अनुमति मांगी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि निर्माण कार्य के साथ यातायात को सुगम बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी और वन विभाग क्या कदम उठा रहे हैं।