छत्रपति संभाजीनगर: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार पर परिसीमन बिल का समर्थन करने को लेकर सवाल उठाए हैं। जलील ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ नेता देशहित के बारे में नहीं सोच रहे हैं। केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने के लिए नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है, जिसमें लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों तथा विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है।

पूर्व सांसद जलील ने कहा कि शरद पवार देश के हित के बारे में नहीं सोच रहे हैं और यह देख रहे हैं कि भाजपा से उनके परिवार को क्या फायदा मिलेगा। उन्होंने डीएमके की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने अपना रुख बदलकर विधेयकों का समर्थन करने की घोषणा की है। जलील ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दलों पर इन विधेयकों का समर्थन करने के लिए दबाव बना रही है या उन्हें इसके बदले प्रलोभन दे रही है।

बता दें कि परिसीमन बिल पास करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। शरद पवार की एनसीपी ने परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। वहीं कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि विधेयक पर विपक्षी दलों के अंतिम फैसले से यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन लोकतंत्र की रक्षा के पक्ष में खड़ा है और कौन नहीं। उन्होंने एनडीए के घटक दलों से भी भारत और लोकतंत्र के हित में सोचने की अपील की है।