अलीगढ़ के नगला तलब गांव को आजादी के बाद पहली बार अपने ही जिले की ओर से पक्की सड़क मिलेगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत कंचनपुर से नगला तलब तक 2.90 किलोमीटर लंबे लिंक मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस पर 2.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

कासगंज जिले की सीमा से जुड़ा नगला तलब गांव अब तक कासगंज की ओर से पक्की सड़क से जुड़ा था, लेकिन अलीगढ़ की ओर से गांव तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को करीब तीन किलोमीटर का कच्चा रास्ता तय करना पड़ता था। बरसात में यह रास्ता और मुश्किल हो जाता था। कंचनपुर तक पहले से पक्की सड़क बनी हुई है। गांव के लोग लंबे समय से इस मार्ग को पक्का कराने की मांग कर रहे थे।

अधिशासी अभियंता चंद्रवीर सिंह ने बताया कि पिछले दिनों जिला स्तर से इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था, अब शासन से स्वीकृति मिल गई है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पीएमजीएसवाई के तहत जिले में करीब पांच वर्ष बाद कोई नई सड़क स्वीकृत हुई है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2021-22 में इस योजना के तहत सड़क को मंजूरी मिली थी।

योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे गांवों को पक्के मार्ग से जोड़ने का प्रावधान है, जिनकी आबादी कम से कम 250 से अधिक हो। इसका उद्देश्य गांवों को पक्की सड़कों से जोड़कर आवागमन सुगम बनाना है। नगला तलब के लिए स्वीकृत सड़क इसी कड़ी में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे ग्रामीणों को अपने ही जिले की ओर से पक्की सड़क की सुविधा मिलेगी।