मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी कुलदीप को साइबर थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप की गुजरात में आशीष नाम के युवक से दोस्ती हुई थी, जिसके बाद उसने कमीशन के लालच में करोड़ों रुपये के लेनदेन में मदद की। पुलिस अब उसके दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कुलदीप ने नर्सिंग जीएनएम का कोर्स किया है। नौकरी की तलाश में वह गुजरात गया, जहां उसकी मुलाकात आशीष से हुई और दोनों में दोस्ती हो गई। नौकरी न मिलने पर उसने श्री श्याम कॉन्ट्रेक्टर के नाम से फर्म बनाई, लेकिन वह चल नहीं सकी। पिछले साल दिसंबर में आशीष ने उससे मुलाकात की और अपने परिचितों का बिजनेस का पैसा उसके खाते में मंगाने के बदले दो प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया। इसके बाद खाते में रुपये आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया।
साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश निवासी पवन अग्रवाल से 2 करोड़ 83 लाख 50 हजार 480 रुपये, झारखंड निवासी मिथलेश सिन्हा से 9 लाख रुपये, महाराष्ट्र निवासी गुरुनाथ गोपाल पाठकर से 13 करोड़ 40 लाख 67 हजार 720 रुपये और मध्य प्रदेश निवासी एक व्यक्ति से 43 लाख रुपये की ठगी हुई। आरोपित के खाते का 11 दिसंबर 2025 से 10 नवंबर 2026 तक का स्टेटमेंट देखा गया, जिसमें इस अवधि में 3 करोड़ 99 लाख 4 हजार 829 रुपये का लेनदेन दर्ज मिला।
पुलिस ने बताया कि कुलदीप ठग गिरोह का सदस्य है और उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच साइबर थाना पुलिस कर रही है।
