मेरठ में शादी से पहले दूल्हे पक्ष की ओर से दहेज में लग्जरी थार गाड़ी की मांग का मामला सामने आया है। दूल्हे पक्ष के लोग शादी का लाल निमंत्रण पत्र लेकर दुल्हन के घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने थार की मांग रखी। दुल्हन पक्ष ने तत्काल विवाद नहीं किया और मेहमानों की आवभगत जारी रखी। दूल्हे पक्ष के लोग पूरी रात दुल्हन के घर पर रुके और सुबह दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के पिता को थार देने का वायदा किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दूल्हे पक्ष के लोग शुक्रवार दोपहर लाल खत लेकर पहुंचे थे और दुल्हन पक्ष ने उनका जोरदार स्वागत किया। रातभर बातचीत के बाद दुल्हन पक्ष ने सुबह थार देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दूल्हे पक्ष को लगा कि उनकी मांग पूरी हो जाएगी।

सुबह दुल्हन पक्ष ने वायदे के मुताबिक थार का इंतजाम कर लिया, लेकिन यह महंगी एसयूवी नहीं बल्कि खिलौने वाली थार थी। कैमरे के सामने दूल्हे पक्ष को खिलौना थार सौंप दी गई। दुल्हन पक्ष ने कहा कि यह रही उनकी थार गाड़ी, खूब चलाएं और घूमें-फिरें।

इसके बाद दुल्हन पक्ष ने रिश्ता तोड़ते हुए कहा कि अब शादी नहीं हो सकती। दुल्हन ने कहा कि वह ऐसे लालची परिवार में शादी नहीं कर सकती और न ही किसी और लड़की को इस परिवार में शादी करनी चाहिए।