प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली एक एमबीबीएस छात्रा ने छेड़खानी और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जार्जटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

पीड़िता प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का कोर्स कर रही है। उसने जार्जटाउन थाने में विवेक सिंह पुत्र योगेन्द्र बहादुर सिंह निवासी गिर्डकोट, बरोत थाना हंडिया के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।

छात्रा का कहना है कि आरोपित उसकी छोटी बहन की सहेली का भाई है। उसके मुताबिक 17 अक्टूबर 2026 को विवेक उसके पास छोटी बहन को छोड़ने आया था और उसी दिन से वह अपनी गाड़ी से उसका पीछा करने लगा। छात्रा ने आरोप लगाया है कि आरोपित गलत नीयत से कई बार छेड़खानी कर चुका है और जब उसने इसका विरोध किया तो 19 नवंबर 2026 को उसके साथ मारपीट की गई। छात्रा के अनुसार वह इस घटना से इतनी भयभीत हो गई थी कि शिकायत करने नहीं जा सकी।

छात्रा ने आरोप लगाया है कि शनिवार की शाम विवेक सिंह ने फिर उसका पीछा किया और छेड़खानी की, जिसके बाद उसने जार्जटाउन थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।