लखनऊ में जिला कचहरी के आसपास वकीलों के 106 अवैध चैंबरों पर रविवार को प्रस्तावित नगर निगम की ध्वस्तीकरण कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई है। बार एसोसिएशन ने इसके लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। वकीलों की सुविधा के लिए कचहरी परिसर के भीतर कई नए चैंबर अलॉट करने की भी तैयारी की गई है।
नगर निगम जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह के अनुसार, सर्वे में चिह्नित शेष 106 अवैध निर्माणों पर कोर्ट के आदेश के तहत अगली कार्रवाई पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, ईटीएफ और फायर फाइटर्स की मौजूदगी में की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने ध्वस्तीकरण से पूर्व वकीलों को नोटिस जारी किया था, जिस पर मिली 14 आपत्तियों का समाधान भी कर दिया गया था। यह कार्रवाई पहले 11 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन आपत्तियों के निस्तारण और अदालत में अपील लंबित होने के कारण टाल दी गई थी। अब बार एसोसिएशन की मांग पर इसे एक सप्ताह के लिए और आगे बढ़ा दिया गया है।
इससे पहले 25 अक्टूबर को नगर निगम की टीम ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अभियान चलाकर जिला कोर्ट के बाहर बने 100 अवैध निर्माण ध्वस्त किए थे। उस कार्रवाई के दौरान अधिवक्ताओं ने सड़क पर बोरी बिछाकर और नारेबाजी करते हुए उग्र विरोध प्रदर्शन किया था। गुस्साए वकीलों ने ध्वस्तीकरण में लगे एक बुलडोजर को रोककर उसके ऊपर चढ़ने और पहियों के सामने लेटने की कोशिश की थी, जबकि कई महिला वकील कार्रवाई से आहत होकर रोने लगी थीं। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति संभाली थी।
अधिवक्ताओं ने नगर निगम के इस ध्वस्तीकरण अभियान के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। मई से अगस्त के बीच दो अलग-अलग चरणों में 72 अवैध चैंबर ढहाए जा चुके हैं, जिससे अब तक कुल 172 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। अब सभी की नजरें अगले सप्ताह होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
