मधुबनी जिले के फुलपरास प्रखंड के हरियरी गांव के निवासी किसान रामाशीष महतो ने धान-गेहूं जैसी परंपरागत खेती छोड़कर सब्जी उत्पादन शुरू किया। उनका कहना है कि इस बदलाव से उनकी कमाई दोगुनी हो गई है। इसका श्रेय वे बिहार सरकार और 'आत्मा' (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी) को देते हैं।

रामाशीष महतो ने बताया कि पहले वे गेहूं और धान की खेती करते थे, जिससे ज्यादा आमदनी नहीं होती थी। इसके बाद वे 'आत्मा' मधुबनी से जुड़े। 'आत्मा' की ओर से उन्हें निशुल्क प्रशिक्षण के लिए बनारस, भोपाल और मथुरा भेजा गया, जहां उन्होंने बकरी पालन, मुर्गी पालन और पशुपालन का प्रशिक्षण लिया। उन्होंने बताया कि सबसे अच्छी सब्जी की खेती लगी, जिसके बाद उन्होंने इसे शुरू किया।

कृषि में उत्कृष्ट काम के लिए 'अभिनव किसान पुरस्कार' से सम्मानित रामाशीष पिछले पांच साल से सब्जी की खेती कर रहे हैं। वे पत्ता गोभी, गोभी, ब्रोकली, मूली, शलजम और मटर जैसी सब्जियों की मिश्रित खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके एक ही खेत में प्याज और चुकंदर की खेती हो रही है, जिसमें चुकंदर खेत की क्यारियों पर और प्याज क्यारियों के अंदर लगाया गया है।

'आत्मा' मधुबनी के उप परियोजना निदेशक राकेश कुमार राहुल ने बताया कि छोटे किसान कम एकड़ में सब्जी की उन्नत खेती कैसे कर अच्छी आमदनी अर्जित कर सकते हैं, इसका प्रशिक्षण किसानों को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सब्जी की खेती तो कई किसान करते हैं, लेकिन उन्हें आमदनी नहीं हो पाती है।