देवगढ़ जिले में शनिवार को दो अलग-अलग हत्याकांड सामने आए। देवगढ़ आदर्श थाना क्षेत्र के नौ नंबर वार्ड स्थित नुआसाही में शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं, रियामाल थाना क्षेत्र के निष्ठुरदुमा गांव में चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में पत्थर लगने से बड़े भाई की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपितों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना देवगढ़ आदर्श थाना क्षेत्र के नौ नंबर वार्ड स्थित नुआसाही की है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी राहुल शेख देवगढ़ में राजमिस्त्री का काम करता था और उसने स्थानीय निवासी हेमलता भोई से प्रेम विवाह किया था। दोनों सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार को राहुल काम से लौटते समय शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी को घर में न पाकर पड़ोस गया, जहां विवाद के बाद उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से हेमलता बेहोश होकर गिर पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने राहुल की भी पिटाई कर दी, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
दूसरी घटना रियामाल थाना क्षेत्र के निष्ठुरदुमा गांव की है। यहां बैशाखु माझी और उसके चचेरे भाई मोहन माझी के बीच गुरुवार शाम मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि बैशाखु ने चूल्हे से जलती लकड़ी निकालकर मोहन की पीठ जला दी और फिर कुल्हाड़ी लेकर उसे मारने के लिए दौड़ा। खुद को बचाने के लिए मोहन ने पास पड़ा पत्थर फेंका, जो बैशाखु के सिर में लगा। गंभीर रूप से घायल बैशाखु को परिजन पहले देवगढ़ और फिर बुर्ला अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ने पर शनिवार को उसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रियामाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीठ जलने से घायल मोहन को पुलिस हिरासत में देवगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
