नोएडा प्राधिकरण ने दादरी से खुर्जा के बीच लगभग 80 गांवों की जमीन पर बनने वाले न्यू नोएडा का सेक्टरवार नक्शा तैयार कर लिया है। मास्टर प्लान 2024 के मुताबिक, करीब 200 वर्ग किलोमीटर के इस इलाके में 114 सेक्टरों की योजना बनाई गई है, जिनमें 71 औद्योगिक और 19 आवासीय होंगे। नियोजन विभाग द्वारा बनाई गई इस योजना को प्राधिकरण की औपचारिक स्वीकृति मिल चुकी है। अब जमीन अधिग्रहण और तय भू-उपयोग के हिसाब से सेक्टरों के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

यह क्षेत्र गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी इलाके और बुलंदशहर क्षेत्र में फैला है। परियोजना का पहला सेक्टर दादरी में शिव नादर विश्वविद्यालय के सामने, जीटी रोड के पार विकसित किया जाएगा। जीटी रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच 15 सेक्टर प्रस्तावित हैं, जिनमें शुरुआती सेक्टर आवासीय उपयोग के लिए रखे गए हैं। जीटी रोड के दूसरी ओर सेक्टर-10 और 11 भी आवासीय उद्देश्य के लिए निर्धारित हैं। आनंदपुर इंटरचेंज के आस-पास सेक्टर-32, 33, 34, 48 और 49 तथा सिकंदराबाद की दिशा में सेक्टर-58, 59, 60, 65, 66, 67 और 68 प्रस्तावित हैं।

बुलंदशहर बाईपास रोड के आस-पास सेक्टर-85, 86 और 87 आवासीय उद्देश्य के लिए रखे गए हैं, जबकि सेक्टर-88, 90, 92, 93, 101 और 102 औद्योगिक कामों के लिए विकसित किए जाएंगे। खुर्जा की दिशा में आखिरी हिस्सा औद्योगिक क्षेत्र के रूप में तैयार होगा, जहां सेक्टर-111, 112 और 114 की योजना है। आवासीय उपयोग के लिए 28.11 वर्ग किलोमीटर जमीन तय की गई है, जो कुल क्षेत्रफल का 13.44 प्रतिशत है, जबकि मौजूदा नोएडा में आवासीय क्षेत्र का हिस्सा लगभग 37 से 38 प्रतिशत है। वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए 849.96 हेक्टेयर जमीन सुरक्षित की गई है। सात सेक्टर पूरी तरह संस्थागत उपयोग के लिए तय किए गए हैं।

औद्योगिक उपयोग के लिए सबसे ज्यादा 71 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं, जिनमें कई सेक्टर यूपीसीडा क्षेत्र के अंतर्गत भी आते हैं। इन सेक्टरों में वेयर हाउसिंग के लिए भी भूखंड तैयार किए जाएंगे और न्यू नोएडा के कुल क्षेत्रफल में औद्योगिक उपयोग का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत रहेगा। नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग के जीएम मीना भार्गव ने कहा कि न्यू नोएडा के सेक्टरों की योजना मास्टर प्लान-2041 के अनुसार बनाई गई है। अब हर सेक्टर का लेआउट प्लान बनाया जाएगा, जिसके बाद ही विकास के कामों को आगे बढ़ाया जाएगा।