बेगूसराय के छौड़ाही प्रखंड स्थित नारायणपीपड़ गांव में प्रगतिशील किसान संजीव कुमार ने पहली बार करीब 60 हजार एरी रेशम कोकून (कोसा) का उत्पादन किया है। इस पहल को ग्रामीण किसानों के लिए आय का नया विकल्प बताया जा रहा है। धान-गेहूं की परंपरागत खेती के बीच एरी रेशम कीट पालन को लेकर क्षेत्र में उम्मीद जगी है।
किसान की इस उपलब्धि से उत्साहित केंद्रीय रेशम बोर्ड ने शनिवार को नारायणपीपड़ में कृषक क्षेत्र दिवस का आयोजन किया। केंद्रीय रेशम बोर्ड के क्षेत्रीय रेशम अनुसंधान केंद्र (आरएसआरएस), बेगूसराय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बोर्ड की विज्ञानी-डी डॉ. लोपामुद्रा गुहा सहित बिहार सरकार के रेशम निदेशालय, बेगूसराय एवं मुजफ्फरपुर के अधिकारियों ने भाग लिया। वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद किया और एरी रेशम कीट पालन की उपयोगिता, उत्पादन की संभावनाओं तथा आर्थिक लाभ की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के साथ आजीविका के दूसरे साधन विकसित करना समय की जरूरत है। एरी रेशम कीट पालन किसानों के लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवसाय बन सकता है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। संजीव कुमार की सफलता को दूसरे किसानों के लिए उदाहरण बताते हुए अधिकारियों ने इस गतिविधि का विस्तार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में एरी संस्कृति की अर्थव्यवस्था विषय पर तैयार सूचनात्मक पुस्तिका का विमोचन किया गया और किसानों के बीच वितरित की गई। इसमें एरी रेशम कीट पालन के आर्थिक पहलुओं, उत्पादन प्रक्रिया और संभावित आमदनी की जानकारी दी गई है। रेशम निदेशालय के अंतर्गत कार्यरत सेरीकल्चर को-आर्डिनेटर और तकनीकी कर्मियों ने भी किसानों का उत्साह बढ़ाया और अधिक से अधिक किसानों से इस पहल से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम में बताया गया कि रेशम उत्पादन केवल पारंपरिक रेशम उत्पादक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है और नए क्षेत्रों में भी इसे सफलतापूर्वक विकसित किया जा सकता है।
