गाजीपुर के गौरां पहाई गांव में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के बाद 32 वर्षीय नीतू राजभर की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटककर मौत हो गई। रविवार भोर में स्वजनों को जानकारी मिलने पर शव को फंदे से उतारकर पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के मायके टड़ियाव गांव के लोगों ने थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित कर गला घोटकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतका की मां दिलबासी देवी ने सास चिंता, ससुर मतबर, जेठानी प्रियंका और सोनी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। मायके पक्ष का आरोप है कि नीतू की बेरहमी से पिटाई के बाद गला घोटकर हत्या की गई और बाद में शव को लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया। उनका कहना है कि पीठ, पैर, गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान हैं।

पुलिस के अनुसार दिनेश राजभर तीन भाइयों में से एक हैं और पंजाब में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि दो बड़े भाई दुबई में रहते हैं। घर पर सास-ससुर, दो जेठानी और बच्चे ही रहते हैं। शनिवार रात नीतू का अन्य स्वजनों से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, इसके बाद वह सोने चली गई। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में वह छत की कुड़ी में नायलोन की रस्सी से लटकी मिली। भोर में ससुर मतबर राजभर और गांव के एक युवक गेन्हू राजभर ने शव उतारकर पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। दिनेश और नीतू की शादी 2016 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।