प्रतापगढ़ के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के वजीरपुर गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। बेटे की कार की चपेट में आने से 65 वर्षीय तुलसी यादव की मौत हो गई। बताया जाता है कि बेटा विनोद यादव अपनी मां को कार में बैठाने लगा था, तभी अचानक उसका पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया। इससे कार अनियंत्रित होकर तेजी से आगे बढ़ी और मां को कुचलते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

गंभीर रूप से घायल तुलसी यादव को परिजन आनन-फानन सीएचसी कुंडा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय विनोद की आंखों के सामने ही उसकी मां ने दम तोड़ दिया। मां की मौत की खबर सुनते ही दोनों बेटे विनोद और मनोज बदहवास हो गए और परिवार में मातम छा गया।

विनोद प्रयागराज स्थित एक्सिस बैंक में नौकरी करता है, जबकि मनोज फरीदाबाद में रिलायंस कंपनी में कार्यरत है। तुलसी यादव के पति लल्लू प्रसाद यादव खेती-किसानी करते हैं। दो बेटों के अलावा उनकी तीन बेटियां कंचन, सपना और रीता हैं, जिनमें रीता की शादी हो चुकी है।

सूचना पर एसआई अंकित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़काल की। कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह के अनुसार, स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। शव का पंचनामा कर उसे स्वजनों को सौंप दिया गया।