अररिया शहर के बस स्टैंड-चांदनी चौक मार्ग पर स्थित 'शगुन ज्वेलरी' में अज्ञात चोरों ने गैस कटर से बाहरी शटर काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और कीमती आभूषणों तथा अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह शटर कटा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार और नगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

एसडीपीओ सुशील कुमार के अनुसार, सुबह टाउन थाना को सूचना मिली कि शगुन ज्वेलर्स में शटर काटकर चोरी की गई है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि अभी इस बात का आकलन किया जा रहा है कि कुल कितने की चोरी हुई है। अब तक दुकानदार की ओर से चोरी के आंकड़ों को लेकर लिखित जानकारी नहीं दी गई है।

पीड़ित दुकानदार नुकसान का मिलान करने में जुटे हैं। शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की घटना से स्थानीय दुकानदारों में असुरक्षा और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरों ने मुख्य सड़क पर गैस कटर का इस्तेमाल कर इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी। अब स्थानीय लोगों और व्यवसायियों की नजर पुलिस की गश्त, जांच और चोरों की जल्द गिरफ्तारी पर टिकी है।

एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि कांड के वैज्ञानिक उद्भेदन के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।