सपा नेता आजम खां को हाई कोर्ट से जमानत मिलने पर उनकी पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा ने कहा है कि उन्हें अल्लाह और न्यायालय पर पूरा भरोसा था। रामपुर में अपने आवास पर बुधवार सुबह पत्रकारों से बात करते हुए तजीन फातिमा ने कहा कि पहले भी उन्हें न्यायालय से इंसाफ मिला था। उन्होंने कहा कि आजम खां को जेल से रिहाई मिली थी, लेकिन कुछ ताकतें उन्हें बाहर नहीं आने देना चाहती थीं, इसी वजह से रिहाई के 10 मिनट बाद ही उन्हें फिर गिरफ्तार कर लिया गया था।

तजीन फातिमा ने कहा कि आज फिर हाई कोर्ट ने उन्हें इंसाफ दिया है और सच्चाई की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने इस तरह की कार्रवाई पर काफी कुछ कहा है और यह भी माना कि ईडी की कार्रवाई गलत थी। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इंसाफ के लिए लड़ते आ रहे हैं, आगे भी लड़ेंगे और जीतेंगे।

तजीन फातिमा ने कहा कि मुखालिफ लोग यह सोच रहे हैं कि आजम खां साहब को जिंदगी भर जेल में रख लेंगे, लेकिन वे गलत सोच रहे हैं।

हाई कोर्ट के फैसले के बाद से सपा समर्थकों में खुशी की लहर है। लोग मंगलवार रात से ही आजम खां के घर पहुंचकर उनके परिवार को मुबारकबाद दे रहे हैं और मिठाई खिला रहे हैं।