बांका में राजकीय बौंसी मेला सह मंदार महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निरीक्षण के बाद तैयारियों को गति मिली है। महोत्सव का उद्घाटन 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन भगवान मधुसूदन की शोभायात्रा के साथ होगा।

मेले के आकर्षण का केंद्र रहने वाली कृषि प्रदर्शनी में उद्यान विभाग समेकित कृषि का आकर्षक मॉडल तैयार कर रहा है। विभाग ने मिट्टी की जोताई कर खेत तैयार कर लिया है और एक दिसंबर को बीज बोआई का कार्य किया जाएगा, ताकि उद्घाटन के दिन तक पौधे तैयार हो जाएं। किचन गार्डन में दो दर्जन से अधिक सब्जी, फूल और फल के पौधे तैयार किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से किसानों को उन्नत खेती के तरीके दिखाए जाएंगे। जल छाजन मॉडल में किसानों को बंजर भूमि पर बरसात का पानी संरक्षित कर खेती करने की जानकारी दी जाएगी। अन्य विभागों ने भी अपने-अपने मॉडल तैयार करने के लिए साफ-सफाई सहित अन्य कार्य शुरू कर दिए हैं।

जिला प्रशासन की टीम मंदार महोत्सव को यादगार बनाने के लिए अब तक दो बार निरीक्षण कर चुकी है। डीएम अंशुल अग्रवाल बेहतर इंतजाम के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में उम्दा कलाकारों की प्रस्तुति की घोषणा कर चुके हैं। स्थानीय लोगों ने डीएम से पांच दिवसीय मंदार महोत्सव का उद्घाटन दोपहर 12 बजे तक कराने का आग्रह किया है। इस आयोजन में पर्यटन एवं राजस्व विभाग द्वारा करीब 50 लाख रुपये से अधिक राशि खर्च किए जाने का अनुमान है।

दूसरी ओर, पापहरणी मेला के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा सात दिसंबर को सैरात की तिथि जारी कर दी गई है। सैरात प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेले में मनोरंजन व अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू हो जाएंगी।