बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी नरगिस ने सनातन धर्म अपनाकर अपने प्रेमी आकाश कश्यप से विवाह कर लिया है। युवती ने शुद्धीकरण के दौरान गोमूत्र ग्रहण किया और अपना नाम इच्छा देवी रख लिया। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत आचार्य पंडित केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धीकरण प्रक्रिया कराई। इसके बाद आकाश कश्यप के साथ उनका विवाह कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, नरगिस और आकाश की पहचान करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। युवती ने बताया कि उसने ही पहले आकाश को संदेश भेजकर बातचीत शुरू की थी और फिर शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर आकाश ने सहमति दी। युवती इंटरमीडिएट तक पढ़ी है, जबकि आकाश हाईस्कूल पास है।

आश्रम में नरगिस ने गोमूत्र पिया, जिसके बाद महंत केके शंखधार ने उसे गंगाजल और गोमूत्र से आचमन कराया और पवित्रीकरण की प्रक्रिया पूरी की। युवती ने बिना रुके तीन बार गायत्री मंत्र का शुद्ध उच्चारण किया। युवती ने बताया कि पिछले चार-पांच वर्षों से उसकी आस्था हिंदू धर्म में है और उसने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से धर्म अपनाया। उसने फतेहगंज पश्चिमी के आर्य समाज मंदिर में संपन्न विवाह प्रमाण-पत्र का हवाला देते हुए अपने विवाह की जानकारी दी।

आकाश ने बताया कि युवती के परिजनों से जान का खतरा होने के चलते वे फिलहाल गांव में न रहकर दिल्ली में रह रहे हैं। वहीं, इच्छा देवी का कहना है कि आकाश के परिवार वालों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है।