बरेली में एक महिला को पार्टी पदाधिकारी बनाने का झांसा देकर दो आरोपितों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर इज्जतनगर थाने में रक्षपाल सागर और जितेंद्र गंगवार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। शनिवार शाम दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

महिला ने पुलिस को बताया कि रिठौरा निवासी रक्षपाल सागर खुद को बहुजन सम्यक पार्टी (मिशन) का अध्यक्ष बताता है। क्षेत्रीय होने के कारण उससे परिचय हो गया था। उसने पार्टी का जिला पदाधिकारी बनाने का झांसा देकर कई बार मिलने बुलाया और फिर जिला टीम में पद दे दिया। महिला के अनुसार मार्च 2025 में तुलाशेरपुर स्थित कार्यालय में पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ देकर उसे बेसुध किया गया और दुष्कर्म किया गया। इसकी वीडियो भी बना ली गई थी।

महिला ने बताया कि 16 अक्टूबर 2025 को वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर उसे लखनऊ बुलाया गया। वहां होटल में रक्षपाल और फिर रिठौरा निवासी जितेंद्र गंगवार ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। बदनामी और वीडियो प्रसारित होने के डर से वह शिकायत नहीं कर सकी। आरोपितों ने कई बार तुलाशेरपुर स्थित कार्यालय में उसके साथ दुर्व्यवहार किया और विरोध करने पर पिटाई करते थे। 10 अक्टूबर 2026 को भी उसे कार्यालय आने का दबाव बनाया गया।

महिला के अनुसार विरोध करने पर आरोपितों ने धमकाया कि रुपये देने होंगे, नहीं तो वीडियो प्रसारित कर दिया जाएगा। गहने बेचकर उसने दोनों को पांच लाख रुपये दिए। इसके बाद भी आरोपित वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर दबाव बना रहे थे। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।