पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपराधियों और दुष्कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार मादक पदार्थों और अराजकता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। पश्चिम मेदिनीपुर में पुलिस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर राज्य के किसी भी हिस्से में कोई गुंडा या दुष्कर्मी छिपा हुआ है तो वह जल्द से जल्द बंगाल छोड़ दे, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने अपराधियों को पुलिस को चुनौती न देने और कानून अपने हाथ में न लेने की चेतावनी दी। उन्होंने आगाह किया कि पुलिस पर गोली चलाने या कानून प्रवर्तन कर्मियों के खिलाफ हिंसा करने का अंजाम बहुत बुरा होगा। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रताड़ित न किया जाए और न ही उनकी हत्या की जाए।

यह चेतावनी रविवार को बीरभूम जिले में हुई पुलिस मुठभेड़ के एक दिन बाद आई, जिसमें एक कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोपी रतन शेख की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को शांतिनिकेतन इलाके में गिरफ्तारी के दौरान कांस्टेबल बिस्वजीत दास को गोली मारकर घायल करने का आरोप शेख पर था। मई में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में यह पांचवीं ऐसी घटना है।

इस बीच, रतन शेख की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर सोमवार को भी राजनीतिक बयानबाजी जारी रही। विपक्षी दलों ने घटना पर सवाल उठाए, जबकि भाजपा सरकार ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक भुंडेश ने कहा कि पुलिस ने आरोपी पर गोली केवल आत्मरक्षा में चलाई थी। उन्होंने बताया कि शेख के दो साथियों रमेश लोहार और नूर हुसैन शेख को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम चाराकोल गांव में एक ईंट भट्ठे पर हथियार बरामद करने के लिए शेख को ले जाया गया था, जहां उसने अचानक पुलिस पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की।