गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को तमिलनाडु स्थित ऑरोविल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां की सांस्कृतिक विरासत, साउंड थेरेपी और मातृमंदिर की गतिविधियों को देखा। संघवी ने यहां संचालित साउंड थेरेपी की पहल को गुजरात में भी शुरू करने और विस्तार देने की बात कही।
दौरे के दौरान ऑरोविल फाउंडेशन की सचिव और गुजरात सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंत एस. रवि तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक वीपी रामलिंगम भी मौजूद रहे। संघवी ने सबसे पहले यूनिटी पवेलियन का दौरा किया, जहां उन्हें विश्व एकता के प्रतीक पीस टेबल और कलाकृतियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने सावित्री भवन में श्री अरविंद के विचारों और दर्शन को समझा। श्री अरविंद और तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती के संबंधों के साथ तमिल साहित्य के प्रति उनकी रुचि पर भी प्रकाश डाला गया।
संघवी ने पारंपरिक ध्वनि चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाले वाद्य यंत्रों को देखा और उन्हें बनाने वाले कारीगरों से बातचीत की। केंद्र में ध्वनि और संगीत के जरिये स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति से जुड़े प्रयोग किए जाते हैं। इस अनुभव को गुजरात में भी पहुंचाने और इसका विस्तार करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने ऑरोविल बेकरी का भी दौरा किया और मातृमंदिर में ध्यान किया।
