तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK नेता एमके स्टालिन ने दावा किया है कि राज्य में जल्द ही उनकी पार्टी की सरकार बनने वाली है। सोमवार को डीएमके नेता केएन नेहरू के परिवार में एक शादी समारोह में पहुंचे स्टालिन ने कहा कि उनके समर्थक उन्हें अब भी 'मुख्यमंत्री' कहकर बुलाते हैं, जबकि उनके पास अभी कोई आधिकारिक सरकारी पद नहीं है। उन्होंने कहा कि मौजूदा टीवीके शासन खराब प्रशासन दे रहा है और द्रमुक जल्द सरकार बनाएगी। यह पहली बार नहीं है जब स्टालिन ने ऐसा दावा किया हो; अक्टूबर में भी उन्होंने कहा था कि मौजूदा सरकार शायद 6 महीने भी पूरे न कर सके।

इस बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने हाल ही में अपने विधायकों के साथ बैठक की थी। इंडियन एक्सप्रेस की 12 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक करीब 3 घंटे चली और विजय ने विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बात की। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 विधायकों के एक समूह से अलग से बातचीत की गई थी।

अखबार के अनुसार, विधायकों को बताया गया कि 13 मई से 13 नवंबर तक अविश्वास प्रस्ताव को 6 महीने पूरे हो चुके हैं और इसके बाद कभी भी एक और अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, विधायकों से कहा गया कि सरकार के पास इनपुट हैं कि विपक्ष सत्तारूढ़ दल के नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकता है। आरोप लगाए गए थे कि DMK और AIADMK दिल्ली में राजनीतिक ताकतों की मदद से ऐसा कर सकते हैं। विधायकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। हालांकि, TVK यानी तमिलागा वेत्री कझगम ने इस पर औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।

गौरतलब है कि विजय सोमवार को दिल्ली में थे, जहां उन्होंने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बता दें कि राज्य में बहुमत से चूकी TVK को समर्थन देकर सरकार बनाने में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभाई थी और उसे लेफ्ट समेत कई दलों का समर्थन हासिल है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि विपक्षी दल नए फ्लोर टेस्ट की मांग कर सकते हैं, हालांकि इस संबंध में अभी कोई घोषणा नहीं हुई है।