कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। ये कमेटियां अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाएंगी। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

उत्तर प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोषाध्यक्ष अजय माकन बनाए गए हैं। इस कमेटी में असलम शेख और बीवी श्रीनिवास सदस्य होंगे। पंजाब की कमेटी की अध्यक्षता सिरिवेला प्रसाद को सौंपी गई है, जबकि सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा सदस्य की भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड में पार्टी महासचिव दीपा दासमुंशी की अध्यक्षता वाली कमेटी में अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया को शामिल किया गया है।

गोवा में कर्नाटक के मंत्री केजे जॉर्ज के नेतृत्व वाली स्क्रीनिंग कमेटी में सतेज डी पाटिल और शफी परंबिल सदस्य होंगे। मणिपुर में बीएम संदीप को अध्यक्ष बनाया गया है, और इस कमेटी में हिबी ईडन तथा राजेश ठाकुर को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। बयान के मुताबिक, संबंधित राज्यों के प्रभारी एआईसीसी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और राज्य प्रभारी महासचिव से जुड़े एआईसीसी सचिव इन कमेटियों के पदेन सदस्य होंगे।

इस बीच, उत्तराखंड की राजनीति को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोमवार को दिल्ली में खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी से मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि उनसे मिलना हमेशा प्रेरणादायक होता है और इस दौरान उन्हें उनका मार्गदर्शन मिला। खरगे से मुलाकात को उन्होंने शिष्टाचार भेंट बताया। रावत के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर अपना नजरिया और विचार पार्टी अध्यक्ष के सामने रखे।

इससे पहले 11 नवंबर को हरीश रावत ने साफ किया था कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि पार्टी में कई अन्य सक्षम नेता हैं और मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला राहुल गांधी और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। रावत ने कहा था कि कांग्रेस का लक्ष्य विधानसभा में 45 विधायकों का आंकड़ा पार करना है और चुनाव के बाद निर्वाचित विधायक तथा पार्टी नेतृत्व मिलकर मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करेंगे। रावत 2014 से 2017 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

कांग्रेस ने उत्तराखंड समेत पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रचार अभियान में उतारने की तैयारी कर रही है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन तीनों प्रमुख नेताओं की रैलियों का खाका भी तैयार कर लिया है। पार्टी की ओर से स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन भी इसी चुनावी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।