भोपाल के शाहपुरा थाना पुलिस ने टूर एंड ट्रैवल्स के नाम पर लग्जरी कारें किराए पर लेकर उन्हें गिरवी रखने और बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। आरोप है कि गिरोह कार मालिकों को सरकारी विभागों और निजी कंपनियों के पास गाड़ियां अटैच कराने का भरोसा देकर आकर्षक किराए का लालच देता था। कुछ महीने किराया देने के बाद गाड़ियों से जीपीएस निकालकर उन्हें दूसरे राज्यों में बेच दिया जाता या गिरवी रख दिया जाता था। इसके बाद उन्हीं कारों को डुप्लीकेट चाबी से चुराकर गायब कर दिया जाता था। शक से बचने के लिए कुछ मामलों में वाहन वापस भी कर दिए जाते थे।

पुलिस ने सरगना जमीर समेत आजम खान और पवन गौतम को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को जमीर और आजम को अशोका गार्डन से तथा पवन गौतम को नेहरू नगर से पकड़ा गया। तीनों को कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया गया है। एक कार बरामद हुई है। एसीपी हबीबगंज कार्निक श्रीवास्तव के अनुसार शाहपुरा थाने में तीन वाहनों से संबंधित मामले दर्ज हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उनके नेटवर्क की पूछताछ की जा रही है।

शुरुआती जांच में नेटवर्क के तार शिमला तक जुड़े मिले हैं। कुछ आरोपितों के शिमला में कार बेचने की जानकारी सामने आई है, हालांकि ये कारें अब तक जब्त नहीं हुई हैं। भोपाल में इस तरह की ठगी के करीब दस मामले बागसेवनिया, शाहपुरा और चुनाभट्टी थानों में दर्ज हैं और कई शिकायतें जांच में हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े सौरभ तिवारी समेत अन्य लोगों की तलाश और भूमिका की जांच कर रही है।

जमीर का नाम पहले भी बागसेवनिया थाने में रेंटल कार धोखाधड़ी के मामले में सामने आ चुका है। पूछताछ में जमीर ने दानिश उर्फ इंद्रपुरी, प्रतीक और सियड़ी के नाम बताए हैं। आरोप है कि सियड़ी गिरोह को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देता और गिरफ्तारी से बचने के तरीके बताता था। गिरोह में साइबर क्राइम में पदस्थ एक सिपाही की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, हालांकि उसकी संलिप्तता के पुख्ता प्रमाण अभी सामने नहीं आए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों से भूमिका की जांच कर सकती है।